देहरादून, 28 जून 2025 — नगर निगम द्वारा लाइसेंस शुल्क समाधान प्रक्रिया के लिए गठित कमेटी की बैठक में फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल एवं दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष पंकज मैसोन ने अन्य व्यापारी संगठनों के साथ भाग लिया। बैठक में व्यापारियों पर लगाए जा रहे लाइसेंस शुल्क का कड़ा विरोध किया गया और इसे व्यापारी वर्ग के साथ सरासर अन्याय बताया गया।

अध्यक्ष पंकज मैसोन ने कहा कि व्यापारी वर्ग पहले से ही कई तरह के टैक्स दे रहा है, ऐसे में पंजीकृत टैक्स के नाम पर एक और शुल्क थोपना सीधे-सीधे व्यापारी को लूटने जैसा है। उन्होंने चेतावनी दी कि भले ही अभी यह शुल्क कुछ व्यवसायों पर लगाया जा रहा है, लेकिन भविष्य में इसे अन्य व्यवसायों पर भी लागू किया जा सकता है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि “हम किसी भी कीमत पर अपने व्यापारियों के ऊपर लाइसेंस शुल्क लागू नहीं होने देंगे। सरकार को चाहिए कि व्यापारी के लिए सुविधाएं दे, न कि उसकी जेब काटे। अगर इस टैक्स को जबरन लागू किया गया, तो व्यापारी वर्ग सड़कों पर उतरकर इसका कड़ा विरोध करेगा और बाजार बंद कर धरने तक जाएगा।”
बैठक में मौजूद व्यापारियों ने भी एक स्वर में कहा कि वे इस निर्णय का विरोध करेंगे और जरूरत पड़ने पर आंदोलन के लिए तैयार हैं।
अंत में, नारे लगाए गए—
व्यापारी एकता ज़िंदाबाद!
व्यापार मंडल ज़िंदाबाद!