दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन के नेतृत्व में बाज़ार में रोजगार कर रहे ठेली स्वामियों ने नगर निगम से उचित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की।
दो दिन पूर्व राजीव गांधी क्षेत्र और बाज़ार के कई हिस्सों में ठेली लगाने से व्यापारियों को परेशानी हो रही थी, जिस पर ठेली स्वामियों ने व्यापार मंडल मुख्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि नगर निगम उन्हें भी ऐसा स्थान दे, जहां वे बिना किसी विवाद के अपना व्यवसाय चला सकें।

अध्यक्ष पंकज मैसोन ने ठेली स्वामियों की बात सुनते हुए कहा कि बाज़ार के व्यापारियों और ठेली स्वामियों दोनों के हित में नगर निगम द्वारा उचित स्थान का निर्धारण आवश्यक है, जिससे व्यापार सुचारू रूप से चल सके और किसी को भी असुविधा न हो।
इसी मुद्दे को लेकर सभी ठेली स्वामी अध्यक्ष पंकज मैसोन के साथ नगर निगम पहुंचे और माननीय मेयर सौरभ थपलियाल से भेंट की। इस दौरान ज्ञापन सौंपकर ठेली वालों के लिए वेंडर जोन बनाने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि इससे ठेली स्वामियों का रोजगार सुरक्षित रहेगा, वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकेंगे और साथ ही बाजार में ट्रैफिक जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।

मेयर सौरभ थपलियाल ने आश्वासन दिया कि जल्द ही ठेली वालों के लिए उचित स्थान चिन्हित कर व्यवस्था की जाएगी, ताकि वे अपना रोजगार सुचारू रूप से कर सकें।
इस अवसर पर महामंत्री पंकज डिढ़ान, युवा महामंत्री दिव्य सेठी, युवा उपाध्यक्ष मनीष मोनी और सभी ठेली स्वामी मौजूद रहे।


