देहरादून के झंडा बाज़ार क्षेत्र में बीती रात सराफा व्यापारी पिंकी ज्वैलर्स की दुकान में चोरों ने ताले काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से करीब 2.5 लाख रुपये की नगदी लेकर फरार हो गए, जिससे व्यापारी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

घटना की जानकारी स्टाइल कलेक्शन के स्वामी सरबजीत सिंह ने दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल को दी। सूचना मिलते ही व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन और युवा महामंत्री दिव्य सेठी तुरंत मौके पर पहुंचे और दुकान का निरीक्षण किया।
अध्यक्ष पंकज मैसोन ने मौके से सीधे खुरबुरा चौकी पहुंचकर इंचार्ज पंकज जी से मुलाक़ात की और घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाकर जल्द से जल्द कार्यवाही की मांग की। इस दौरान व्यापार मंडल के संरक्षक रवि मल्होत्रा, मक्खन पाजी सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
व्यापार मंडल ने इस चोरी की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से अपील की है कि क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त को बढ़ाया जाए और दोषियों को शीघ्र पकड़ा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।













