देहरादून — उत्तराखंड राज्य विधि सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वाधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा “स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत” अभियान के तहत आज एक विशेष सफाई ड्राइव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एडीजे, सचिव, एसडीएम और फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोंन ने नई कचहरी में हरी झंडी दिखाकर किया।
सफाई अभियान की यह यात्रा प्रिंस चौक से होते हुए घंटाघर, पलटन बाजार, और कोतवाली तक चली। इस दौरान न्यायाधीश, अप जिला मजिस्ट्रेट, डीएलएसए सचिव, वकील, नगर निगम अधिकारी, बार एसोसिएशन, सोशल वर्कर्स, किसान यूनियन, सामाजिक संस्थाएं और बड़ी संख्या में व्यापारी एवं नागरिक शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों ने सड़कों से कचरा एकत्र किया, झाड़ू लगाई और साफ-सफाई का संदेश दिया।
अभियान के अंतर्गत पंकज मैसोंन द्वारा 100 डस्टबिन प्रदान किए गए, जिन्हें कचहरी, मंदिरों, शौचालयों, कोतवाली, चौकियों और दुकानों में रखा गया। इसका उद्देश्य लोगों को डस्टबिन का उपयोग करने के लिए प्रेरित करना और कूड़ा-कचरा सड़क पर फेंकने की प्रवृत्ति को समाप्त करना है।

अध्यक्ष पंकज मैसोंन ने कहा, “हम सभी का छोटा सा प्रयास, देश के लिए बड़ा बदलाव ला सकता है। देहरादून को साफ-सुथरा रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।”
इस अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने स्वच्छता का संकल्प लिया और लोगों से रोज सफाई अपनाने का आह्वान किया।
